एक माह में ही उखड़ गई नेशनल हाईवे से ग्राम बदरा (ब) तक की सड़क, निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर उठे सवाल
बदरा (ब), मुंगेली- नेशनल हाईवे से ग्राम पंचायत बदरा (ब) तक हाल ही में निर्मित सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क का निर्माण हुए अभी लगभग एक माह ही हुआ है, लेकिन कई स्थानों पर सड़क उखड़ने लगी है और उसकी सतह क्षतिग्रस्त हो गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि नई सड़क से बेहतर आवागमन की उम्मीद थी, लेकिन निर्माण के कुछ ही समय बाद सड़क खराब होने लगी। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों का पूरी तरह पालन नहीं किया गया या घटिया सामग्री का उपयोग किया गया।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय तकनीकी जांच कराने, निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच करने तथा यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित ठेकेदार एवं जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी धन से होने वाले विकास कार्य टिकाऊ और गुणवत्तापूर्ण होने चाहिए, ताकि जनता को लंबे समय तक उसका लाभ मिल सके। अब सभी की नजर विभाग की कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Post a Comment