सफलता की कहानी
राष्ट्रीय बागवानी मिशन: सुनील कश्यप ने टमाटर उत्पादन से कमाए लाखों रूपए
मुंगेली, 20 मार्च 2026// जिले के लोरमी विकासखंड अंतर्गत ग्राम नवलपुर के किसान सुनील कुमार कश्यप ने आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर खेती में सफलता की नई मिसाल कायम की है। राष्ट्रीय बागवानी मिशन योजना के तहत उन्होंने संरक्षित खेती (शेडनेट हाउस) और उन्नत तकनीकों का उपयोग कर टमाटर उत्पादन में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। एम.कॉम शिक्षित सुनील कश्यप ने अपनी 02 हेक्टेयर कृषि भूमि में से 0.400 हेक्टेयर (लगभग 01 एकड़) क्षेत्र में शेडनेट हाउस स्थापित कर टमाटर की उन्नत किस्म ‘सोना-38’ की खेती की। उन्होंने ड्रिप इरिगेशन सिस्टम और प्लास्टिक मल्चिंग जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर उत्पादन लागत को नियंत्रित किया और फसल की गुणवत्ता में सुधार किया।
उनकी मेहनत और वैज्ञानिक पद्धतियों के उपयोग से प्रति एकड़ लगभग 300 क्विंटल टमाटर का उत्पादन प्राप्त हुआ। बाजार में टमाटर की कीमत 20 से 25 रुपये प्रति किलो मिलने से उन्हें कुल 06 लाख रुपये की आय हुई। वहीं कुल लागत लगभग 02 लाख रुपये रही, जिससे उन्हें शुद्ध रूप से 04 लाख रुपये का लाभ प्राप्त हुआ। सुनील कश्यप बताते हैं कि पारंपरिक खेती की तुलना में संरक्षित खेती और आधुनिक तकनीकों से न केवल उत्पादन बढ़ता है, बल्कि मौसम के प्रतिकूल प्रभावों से भी फसल को सुरक्षा मिलती है। उन्होंने अन्य किसानों से भी अपील की कि वे सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर आधुनिक खेती अपनाएं और अपनी आय बढ़ाएं।

.jpeg)
Post a Comment