⚡ ब्रेकिंग News

खाद-बीज वितरण में पारदर्शिता पर प्रशासन सख्त, किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने उड़नदस्ता टीम करेगी सतत मॉनिटरिंग


 खाद-बीज वितरण में पारदर्शिता पर प्रशासन सख्त

किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने उड़नदस्ता टीम करेगी सतत मॉनिटरिंग

खाद-बीज वितरण व्यवस्था को लेकर समन्वय बैठक आयोजित

मुंगेली, 21 मई 2026//  खरीफ सीजन को देखते हुए किसानों को समय पर खाद एवं बीज उपलब्ध कराने तथा वितरण व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशन में जिला कलेक्टोरेट स्थित जनदर्शन कक्ष में खाद-बीज वितरण व्यवस्था को लेकर समन्वय बैठक आयोजित की गई। 

     बैठक में एडीएम श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी ने कहा कि शासन के निर्धारित नियमों के अनुसार ही खाद एवं बीज का वितरण किया जाए। इसके लिए सभी वितरण केंद्रों में पॉश मशीन के माध्यम से खाद वितरण अनिवार्य किया गया है। किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और वितरण प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष एवं पारदर्शी रहे। शासन के निर्देशानुसार बोरी में ही खाद उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने सभी शासकीय एवं निजी वितरण केंद्रों में सूचना बोर्ड एवं फ्लेक्स लगाने, किसानों के लिए छाया और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा नैनो यूरिया एवं वैकल्पिक खादों के उपयोग को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। 

     एडीएम श्री जी. एल. यादव ने कहा कि सीमांत, लघु एवं दीर्घ कृषकों का वर्गीकरण कर पॉश मशीन के माध्यम से निर्धारित किश्तों में खाद वितरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि सभी किसानों को समान रूप से लाभ मिल सके। समितियों एवं उपार्जन केंद्रों में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए उड़नदस्ता टीम गठित की गई है। टीम लगातार निगरानी रखेगी ताकि वितरण प्रक्रिया पारदर्शी और सुचारू बनी रहे।

      बैठक में संवेदनशील क्षेत्रों में खाद वितरण को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया। एडीएम ने किसानों को खाद वितरण संबंधी सही जानकारी उपलब्ध कराने के लिए कहा। किसी भी प्रकार की लापरवाही या गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। 

     बैठक में यह भी बताया गया कि खाद वितरण एग्रीस्टैक पोर्टल में पंजीयन के आधार पर किया जाएगा। इसके लिए सभी किसानों का एग्रीस्टैक में पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने कहा कि किसानों को निर्धारित मात्रा और वर्गीकरण के अनुसार चरणबद्ध तरीके से खाद उपलब्ध कराया जाएगा। कृषि विभाग की उपसंचालक श्रीमती वीणा ठाकुर ने बताया कि जिले में खाद का पर्याप्त भंडारण उपलब्ध है और किसानों की जरूरतों के अनुसार वितरण की व्यवस्था बनाई गई है। बैठक में मुंगेली एसडीएम  अजय शतरंज, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा, सहकारिता आयुक्त हितेश श्रीवास, सीसीबी नोडल संतोष सिंह ठाकुर, जिला कृषि अधिकारी, आरईएओ तथा सेवा सहकारी समिति के कर्मचारी उपस्थित रहे।


Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume