ग्राम सरोरा में मुरूम खनन को लेकर विवाद, ग्रामीणों ने जांच की मांग उठाई
रिपोर्टर – अशोक मिश्रा
ग्राम सरोरा में कथित अवैध मुरूम खनन को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के तीन अलग-अलग स्थानों पर लगातार मुरूम की खुदाई और हाईवा वाहनों से परिवहन किया जा रहा है, जिससे गांव की सड़कें खराब हो रही हैं और खेती की जमीन व जल स्रोत प्रभावित हो रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार खनन के कारण कई जगह गहरी खाइयां बन गई हैं, जिससे बच्चों और पशुओं के लिए खतरा बढ़ गया है। भारी वाहनों की आवाजाही से धूल उड़ रही है, जिससे आसपास के खेतों और ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मामले में स्थानीय सरपंच का कहना है कि पंचायत द्वारा संबंधित स्थानों के लिए एनओसी जारी की गई है और पंचायत की अनुमति से कार्य किया जा रहा है। वहीं ग्रामीणों का आरोप है कि राजस्व एवं खनन विभाग की अनुमति के बिना ही मुरूम उत्खनन और परिवहन किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल जांच कर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो धरना-प्रदर्शन कर उच्च अधिकारियों को शिकायत भेजी जाएगी। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार मामले की जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment