सुशासन शिविर 2026:
प्रशासन पहुंचा गांव तक
शासन-प्रशासन आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए कर रहा लगातार कार्य: विधायक मोहले
नक्शा बटांकन सहित राजस्व के लंबित प्रकरणों का करें समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान: कलेक्टर
मुंगेली, 14 मई 2026// मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में पात्र हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से जिलेभर में सुशासन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में कलेक्टर कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में जनपद पंचायत मुंगेली अंतर्गत ग्राम नवागांव (चि.) में सुशासन शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया। कार्यक्रम की शुरूआत दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस दौरान विभिन्न हितग्राहियों को सामाग्री प्रदान कर लाभान्वित किया गया, इनमें 20 हितग्राहियों को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन चेक व प्रमाण पत्र, 20 हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास पूर्णता प्रमाण पत्र, 20 हितग्राहियों को स्वच्छ भारत मिशन स्वीकृति प्रमाण पत्र, 05 हितग्राहियों को राशनकार्ड, 20 हितग्राहियों को नोनी सुरक्षा बांड पेपर, 05 हितग्राहियों को आइस बाक्स व नाव जाल, 10 हितग्राहियों को अरहर मिनी किट, 10 किसानों को केसीसी चेक, 10 को आयुष्मान व वय वंदना कार्ड, 10 को श्रम कार्ड, 07 को पौधा सहित 05 विद्यार्थियों को गणवेश का वितरण कर लाभान्वित किया गया।
शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पंचायतों को दी सौगात - कार्यक्रम में विधायक पुन्नूलाल मोहले ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि जिला प्रशासन की पूरी टीम गांव में पहुंची है, इसलिए आमजन शिविर का अधिकतम लाभ उठाएं और शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन प्रस्तुत करें। उन्होंने ग्रामीणों से विद्युत सुविधा का बेहतर उपयोग करने, सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ लेने कहा। विधायक मोहले ने कहा कि जिला चिकित्सालय में सीटी स्कैन मशीन स्थापित होने से अब जिलेवासियों को बड़ी राहत मिली है। पहले लोगों को जांच के लिए बाहर जाना पड़ता था, लेकिन अब जिले में ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हो रही है। उन्होंने कहा कि शासन और प्रशासन आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। इस अवसर पर उन्होंने ग्राम पंचायत निरजाम, खैरवार, नवागांव (चि.), पुरान में उप स्वास्थ्य केन्द्र भवन निर्माण के लिए 01 करोड़ 14 लाख रूपए की स्वीकृति प्रदान की। साथ ही नवागांव (चि.) में पंचायत भवन के लिए 20 लाख रूपए, ग्राम पंडरभट्ठा हाइस्कूल में प्रार्थना शेड के लिए 05 लाख रूपए तथा नवागांव (चि.) क्लस्टर के सभी 28 ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों के लिए क्रमशः 06-06 लाख रुपये की घोषणा की।
शिक्षा, सड़क सुरक्षा और पानी का महत्व को समझें - कलेक्टर कुन्दन कुमार ने राजस्व विभाग के अधिकारियों और पटवारियों को शासन की जमीन को अतिक्रमण एवं बेजा कब्जे से बचाने के लिए अतिक्रमण पंजी तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी निष्पक्षता और ईमानदारी के साथ कार्य करें तथा नक्शा बटांकन सहित अन्य लंबित प्रकरणों को समय-सीमा में पूर्ण करें। उन्होंने लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने शिक्षा के महत्व पर विशेष जोर देते हुए कहा कि गांवों के शिक्षक बच्चों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करें। शिक्षा चौपाल के माध्यम से सुधारात्मक प्रयास किए जाएं और शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन लाया जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही ऐसा माध्यम है, जिसे जितना बांटा जाए, उतना बढ़ता है। बच्चों के भविष्य के साथ ईमानदारी बरतना सभी शिक्षकों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मुंगेली जिले में शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
जल संरक्षण को लेकर कलेक्टर ने कहा कि मनरेगा अंतर्गत गुणवत्तापूर्ण कार्य कर वर्षा जल संरक्षण को बढ़ावा दिया जाए। गांव के लोग एकजुट होकर रेन वाटर हार्वेस्टिंग और जल संरक्षण के कार्यों में सहभागिता निभाएं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जल संरक्षण सबसे बड़ी आवश्यकता बनने वाला है, इसलिए अभी से संवेदनशीलता के साथ कार्य करना जरूरी है। सड़क सुरक्षा को लेकर उन्होंने लोगों को हेलमेट पहनने, शराब सेवन के बाद वाहन नहीं चलाने तथा यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के लिए जागरूकता और सावधानी बेहद आवश्यक है। साथ ही सभी नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। सुशासन शिविर में जनपद पंचायत मुंगेली अध्यक्ष रामकमल सिंह, अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, एसडीएम अजय शतरंज सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे
नगर पंचायत पथरिया के सामुदायिक भवन मंडी परिसर में शिविर 15 मई को
सुशासन तिहार अंतर्गत नगर पंचायत पथरिया स्थित सामुदायिक भवन मंडी परिसर में 15 मई को समाधान शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में क्लस्टर अंतर्गत नगर पंचायत पथरिया के सभी वार्डों के आमजन शामिल होकर शिविर का लाभ उठा सकते हैं।
Post a Comment