राकेश सिंह ठाकुर
तखतपुर के नेवरा गांव में सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप, ग्रामीणों ने कलेक्टर से की जांच की मांग
बिलासपुर/तखतपुर। तखतपुर विधानसभा अंतर्गत ग्राम पंचायत नेवरा में मुख्यमंत्री गौरव पथ योजना के तहत बन रही सड़क निर्माण में भारी अनियमितता और भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने कलेक्टर को शिकायत सौंपकर तत्काल जांच और कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदन में बताया गया है कि लगभग 450 मीटर लंबी सीसी सड़क का निर्माण करीब 36 लाख रुपये की लागत से कराया जा रहा है, लेकिन निर्माण कार्य शुरू होने के एक माह के भीतर ही सड़क उखड़ने लगी है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि सड़क निर्माण में निम्न स्तर की सामग्री का उपयोग किया गया, जिसके कारण सड़क की मिट्टी धंस रही है और जगह-जगह गड्ढे बनने लगे हैं। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि बारिश के मौसम में सड़क पूरी तरह खराब हो सकती है।
आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि सड़क निर्माण कार्य बिना निर्धारित मानकों और स्टेमेट के अनुसार किया गया। सड़क की साइड नालियों का निर्माण नहीं किया गया है तथा निर्माण स्थल पर सूचना बोर्ड भी नहीं लगाया गया। ग्रामीणों ने सड़क की रोलर कॉम्पेक्शन प्रक्रिया में भी गड़बड़ी का आरोप लगाया है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि सड़क को दोबारा खोदकर स्टेमेट के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराया जाए और संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में जांच की जाए। साथ ही भ्रष्टाचार करने वाले ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट कर उसके खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत कार्रवाई की मांग भी की गई है।
शिकायत पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण आंदोलन करने को बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
यह शिकायत 18 मई 2026 को कलेक्टर बिलासपुर, मुख्यमंत्री, तखतपुर विधायक तथा जिला पंचायत सीईओ को प्रेषित की गई है। आवेदन पर ग्रामीणों और सामाजिक संगठन के पदाधिकारियों के हस्ताक्षर भी मौजूद हैं।
Post a Comment