⚡ ब्रेकिंग News

गांव, गरीब एवं आमजनों के सशक्तिकरण के लिए किया जा रहा निरंतर कार्य: विधायक मोहले

 



गांव, गरीब एवं आमजनों के सशक्तिकरण के लिए किया जा रहा निरंतर कार्य: विधायक मोहले


आमजनों तक पहुंच रहा प्रशासन, यही है सुशासन: कलेक्टर


सुरदा में मिली आंगनबाड़ी भवन की स्वीकृति

मुंगेली, 05 मई 2026//  सुशासन तिहार-2026 के तहत आयोजित समाधान शिविर के माध्यम से शासन की योजनाएं अब सीधे आमजन तक पहुंच रही हैं। मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय की मंशानुरूप सुशासन तिहार अंतर्गत आयोजित शिविरों का मुख्य उद्देश्य आमजनों को शासकीय योजनाओं का शत प्रतिशत लाभ सुनिश्चित करने के साथ ही सुशासन को और सशक्त बनाना है। इसी तारतम्य में मुंगेली विकासखंड के ग्राम सुरदा स्थित पूर्व माध्यमिक शाला मैदान में 25 ग्राम पंचायतों का क्लस्टर अनुसार आयोजित शिविर में न केवल ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निराकरण हुआ, बल्कि गांव को आंगनबाड़ी भवन की स्वीकृति जैसी महत्वपूर्ण सौगात भी मिली। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आमजनों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक दवाई व परामर्श दिया गया। इस दौरान सुरदा में आंगनबाड़ी भवन निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई।

     इस अवसर पर विधायक पुन्नूलाल मोहले ने कहा कि शासन द्वारा सुशासन तिहार के माध्यम से महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ देने के साथ-साथ आमजनों की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। गांव, गरीब एवं आमजनों के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से लाखों महिलाओं को लाभान्वित किया जा रहा है। साथ ही आवास योजना और धान खरीदी जैसे प्रयासों से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। विधायक श्री मोहले ने विद्युत, स्वच्छ पेयजल व्यवस्था दुरूस्त करने, राशनकार्ड, राजस्व संबंधी प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि यथाशीघ्र राशन दुकान में जाकर ई-केवायासी कराएं, ताकि नियमित रूप से राशन मिल सके। उन्होंने कहा सभी राशनकार्डधारियों को समय पर राशन सामग्री नियमित रूप से मिलना सुनिश्चित किया जाए। विधायक श्री मोहले ने विद्युतीकरण में बेहतर करने के लिए ट्रांसफार्मर स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुशासन तिहार अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसी तरह पीएम सूर्यघर योजना का लाभ लेने आमजनों को प्रेरित किया।

     शिविर के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी-कर्मचारी शिविर के माध्यम से गॉव-गॉव पहुंचकर आमजनों की मांगों एवं समस्याओं का निराकरण कर रहे हैं। यही सुशासन है। आमजनों को कार्यालय तक जाने की जरूरत नहीं है। शिविर में जिला प्रशासन की टीम एक ही जगह पर उपस्थित हैं। आमजन शिविर में उपस्थित होकर योजनाओं का पात्रतानुसार लाभ उठाएं। कलेक्टर ने जल संरक्षण के महत्व को बताते हुए जनभागीदारी पर जोर दिया और रेन वाटर हार्वेस्टिंग अपनाने तथा बारिश के पानी को बचाने प्रेरित किया।

     जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय ने बताया कि शिविर में मांगों एवं शिकायतों से संबंधित 610 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनका निराकरण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में 24 ग्रामीण एवं 09 शहरी क्षेत्रों में सुशासन तिहार के तहत समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाकर नागरिकों को योजनाओं की जानकारी और लाभ प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने आमजनों को पात्रतानुसार संबंधित विभाग में आवेदन प्रस्तुत कर शिविर का लाभ उठाने प्रोत्साहित किया।

हितग्राहियों को किया गया लाभान्वित

   शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया, इनमें पीएम आवास योजना के तहत 05 हितग्राहियों को आवास स्वीकृति प्रमाण पत्र तथा 15 हितग्राहियों को आवास पूर्ण प्रमाण पत्र, स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत 15 हितग्राहियों को स्वीकृति आदेश, कक्षा 08वीं और 10वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 10 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। साथ ही गणवेश वितरण भी किया गया। इस दौरान 12 किसानों को केसीसी के तहत चेक, 10 श्रम कार्ड पंजीयन, एनआरएलएम अंतर्गत 50 समूह की महिलाओं को चेक, 11 किसानों को राजस्व अभिलेख, 05 किसानों को अरहर मिनी किट, 05 हितग्राहियों को राशनकार्ड, 05 हितग्राहियों को पेंशन स्वीकृति आदेश, 22 नोनी सुरक्षा योजना का प्रमाण पत्र, 02 हितग्राहियों को नाव जाल व आइस बॉक्स और 10 हितग्राहियों को ग्राफ्टेड पौधा व सीड वितरण कर लाभान्वित किया गया।

06 मई को पथरिया के गंगद्वारी में होगा शिविर का आयोजन

    सुशासन तिहार अंतर्गत 06 मई को पथरिया विकासखण्ड के ग्राम गंगद्वारी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला परिसर में शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में पथरगढ़ी, सकेरी, खपरी, गंगद्वारी, पौंसरी, सोढ़ी (म.), मोहभट्ठा (सो.), जरेली, पेटुलकापा, भरेवा, सिलदहा, घुठेली, सोढ़ी (नि.), डिघोरा, परसदा, बेलखुरी, लमती, कलार जेवरा, खुटेरा, कपुवा, सिलतरा, छिन्दभोग, भठली, जुनवानी और जोता के आमजन शामिल होकर शिविर का लाभ उठा सकते हैं। 


Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume