नारायणपुर में जनसमस्या निवारण शिविर बना जनसेवा का प्रभावी माध्यम
खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, योजनाओं से अनेक हितग्राही हुए लाभान्वित
बेमेतरा, 12 मई 2026:- शासन की मंशानुसार आम जनता की समस्याओं के त्वरित निराकरण एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से ग्राम नारायणपुर में विशाल जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं और मांगें लेकर पहुंचे। यह शिविर ग्रामीणों के लिए अपनी लंबित समस्याओं के समाधान का एक प्रभावी मंच साबित हुआ। कार्यक्रम की मुख्य विशेषता प्रदेश के खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल की गरिमामयी उपस्थिति रही। मंत्री श्री बघेल ने स्वयं शिविर में पहुंचकर आमजनों की समस्याएं सुनीं तथा विभागीय अधिकारियों से आवेदनों के निराकरण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि आम जनता की समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए।
मंत्री बघेल ने ग्रामीणों से किया सीधा संवाद
खाद्य मंत्री बघेल ने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी समस्याओं, मांगों और आवश्यकताओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। मंत्री श्री बघेल ने कहा कि शासन का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उन योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे अपने विभागों की योजनाओं, सेवाओं एवं कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार करें ताकि अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें। उन्होंने ग्रामीणों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपनी समस्याओं और आवश्यकताओं से प्रशासन को अवगत कराएं। शासन समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण एवं उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
विभिन्न विभागों के स्टॉल लगे, हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
शिविर में राजस्व, कृषि, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे। इन स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित भी किया गया।शिविर में राशन कार्ड निर्माण, पेंशन प्रकरण, सीमांकन एवं अन्य जनसमस्याओं से संबंधित कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया। त्वरित समाधान मिलने से ग्रामीणों के चेहरों पर संतोष एवं खुशी स्पष्ट दिखाई दी। ग्रामीणों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविरों से उन्हें सीधे राहत मिल रही है।
12वीं के उत्कृष्ट विद्यार्थियों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान खाद्य मंत्री श्री दयाल दास बघेल ने कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालय के पांच विद्यार्थियों को 10-10 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया। मंत्री श्री बघेल ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा ही उज्जवल भविष्य का आधार है और मेहनत व लगन से विद्यार्थी जीवन में बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।
सीसी रोड निर्माण के लिए 10 लाख रुपए देने की घोषणा
शिविर के दौरान ग्राम पंचायत नारायणपुर के सरपंच द्वारा ग्राम में सीसी रोड निर्माण की मांग रखी गई, जिस पर मंत्री श्री बघेल ने ग्राम पंचायत में सीसी रोड निर्माण कार्य के लिए 10 लाख रुपए स्वीकृत करने की घोषणा की। इस घोषणा से ग्रामीणों में खुशी का माहौल देखा गया।
“जनता की सेवा निस्वार्थ भाव से करें” — मंत्री बघेल
शिविर को संबोधित करते हुए मंत्री बघेल ने कहा कि राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। जनसमस्या निवारण शिविरों के माध्यम से प्रशासन को सीधे जनता के द्वार तक लाया गया है, ताकि ग्रामीणों को अपने जायज कार्यों के लिए दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार समाज के हर वर्ग को मुख्यधारा से जोड़कर उनके जीवन में खुशहाली और तरक्की लाने का सतत प्रयास कर रही है। शिविर में नारायणपुर क्लस्टर एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे थे। ग्रामीणों ने कहा कि मंत्री श्री बघेल की उपस्थिति से अधिकारियों की संवेदनशीलता और जवाबदेही बढ़ी है तथा उन्हें विश्वास है कि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा। इस अवसर पर जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। जनसमस्या निवारण शिविर सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण की दिशा में एक प्रभावी पहल के रूप में सामने आया।
Post a Comment