⚡ ब्रेकिंग News

सुशासन तिहार 2026: ग्राम मदकू में खेल प्रतिभा को बढ़ावा देने 27 लाख रूपए और किरना में नए मिडिल स्कूल भवन निर्माण की सौगात

 



सुशासन तिहार 2026: ग्राम मदकू में खेल प्रतिभा को बढ़ावा देने 27 लाख रूपए और किरना में नए मिडिल स्कूल भवन निर्माण की सौगात


विधायक कौशिक ने की विभिन्न ग्रामों में नए बोर खनन की घोषणा, पेयजल की समस्या से मिलेगी निजात


शासन की योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना ही सुशासन तिहार का उद्देश्य: विधायक कौशिक


बिजली-पानी बचाना आज की सबसे बड़ी जरूरत: कलेक्टर


कलेक्टर ने जल संरक्षण, सौर ऊर्जा और बेटियों की शिक्षा पर दिया विशेष जोर

मुंगेली, 12 मई 2026//  मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप शासकीय योजनाओं का शत प्रतिशत लाभ सुनिश्चित करने के साथ ही सुशासन को और सशक्त बनाने के उद्देश्य से सुशासन तिहार अंतर्गत समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। शिविरों के माध्यम से लोगों की समस्याओं का त्वरित निराकरण कर उन्हें शासकीय योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। इसी कड़ी में पथरिया विकासखण्ड के ग्राम किरना में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली और मौके पर ही समस्याओं के निराकरण का लाभ प्राप्त किया। कार्यक्रम में बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। 


      इस अवसर पर विधायक कौशिक ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन की योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना है। शिविर में सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित हैं। उन्होंने लोगों से आयुष्मान कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस सहित सुरक्षा संबंधी योजनाओं का लाभ लेने प्रोत्साहित किया। विधायक ने मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना एवं प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना का लाभ लेने पर भी जोर दिया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की मांग पर देवाकर, चंदखुरी, किरना स्कूल, करही, बिदबिदा, ठेलकी, लमती में नए बोर खनन की घोषणा की। इसके साथ ही ग्राम मदकू में नेट बाल कोट के लिए 07 लाख रूपए, शेड के लिए 15 लाख रूपए, मैदान समतलीकरण के लिए 05 लाख रूपए और किरना में नए मिडिल स्कूल भवन निर्माण की घोषणा भी की। 

      शिविर के दौरान कलेक्टर कुन्दन कुमार ने कहा कि आमजनों की समस्याओं का समयबद्धता के साथ गुणवत्तापूर्वक निराकरण करने सुशासन तिहार अंतर्गत समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने आमजनों से बिजली और पानी संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की अपील करते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में पानी और बिजली की समस्या लगातार बनी रहती है, इसलिए सभी लोगों को संसाधनों के संरक्षण की दिशा में गंभीरता से कार्य करना होगा। इस दौरान उन्होंने उत्कृष्ट कार्य के लिए पटवारी  रमेश कौशिक और श्रीमती उषा बघेल की सराहना की।

     कलेक्टर ने लोगों से बिजली चोरी रोकने का संकल्प लेने की अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना का लाभ लें, जिससे बिजली बिल काफी कम हो सकता है। उन्होंने कहा कि बिजली बचत और सौर ऊर्जा अपनाने की दिशा में सामूहिक प्रयास आवश्यक है। पानी संरक्षण को लेकर कलेक्टर ने कहा कि ग्रीष्म ऋतु में जल संकट की स्थिति उत्पन्न होती है। इससे निपटने के लिए प्रत्येक घर में रेन वाटर हार्वेस्टिंग और रिचार्ज पिट निर्माण को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पानी की समस्याओं का निराकरण समय-सीमा में सुनिश्चित किया जाए।    

  कलेक्टर ने शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि जिले ने शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य किया है, लेकिन इसे और मजबूत करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा अत्यंत आवश्यक है और जब एक लड़की शिक्षित होती है तो दो परिवार शिक्षित होते हैं। उन्होंने पालकों से बच्चों, विशेषकर बेटियों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की। इस दौरान कार्य में कोताही बरतने पर नगपुरा पंचायत के टेक्निकल असिस्टेंट, सचिव, रोजगार सहायक एवं पटवारी को नोटिस जारी किए गए। कलेक्टर ने मैदानी अमले और पंचायत स्तर के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर आवेदनों का निराकरण करने के निर्देश दिए। शिविर में जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चित्ररेखा जांगड़े, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती अम्बालिका साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।


हितग्राहियों को सामग्री प्रदान कर किया गया लाभान्वित 


    शिविर में विभिन्न हितग्राहियों को सामग्री वितरण का लाभान्वित किया गया। इनमें स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत 11 हितग्राहियों को स्वीकृति आदेश, 03 महिलाओं को सुपोषण किट, 13 स्वसहायता समूहों को चेक, 15 हितग्राहियों को केसीसी अंतर्गत चेक, 11 हितग्राहियों को राशन कार्ड, 10 कृषकों को अरहर मिनी किट, 08 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड व वय वंदना कार्ड, 02 हितग्राहियों को आइस बॉक्स व जाल, 12 किसानों को निःशुल्क फलदार पौधा, 12 हितग्राहियों को पेंशन स्वीकृति प्रमाण पत्र, 10 हितग्राहियों को श्रम कार्ड तथा परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करने के साथ ही अन्य विद्यार्थियों को गणवेश का वितरण कर लाभान्वित किया गया।


मानस मंच लोरमी में शिविर का आयोजन 13 मई को


     सुशासन तिहार अंतर्गत 13 मई को नगर पालिका लोरमी अंतर्गत मानस मंच में शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में नगर पालिका लोरमी के वार्ड 01 से 13 तक के नागरिक शामिल होकर शिविर का लाभ उठा सकते हैं।


Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume