दुर्ग में नकली जर्दा फैक्ट्री का भंडाफोड़, गुटखा खाने वाले सतर्क रहें
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अवैध गुटखा कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है। नंदिनी थाना क्षेत्र के बासिन गांव में पुलिस और खाद्य-औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर नकली जर्दा फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है।
छापे के दौरान ‘मुसाफिर’ और ‘M4’ ब्रांड के नाम पर जर्दा युक्त गुटखे का बड़े पैमाने पर अवैध उत्पादन किया जा रहा था। मौके पर 13 मजदूर काम करते पाए गए, जो मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश और राजस्थान के निवासी बताए जा रहे हैं। सभी मजदूरों से पूछताछ की जा रही है ताकि फैक्ट्री के संचालन और इसके पीछे जुड़े लोगों की जानकारी मिल सके।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में तैयार गुटखा, सुगंधित जर्दा, पैकिंग सामग्री, मशीनें और कच्चा माल जब्त किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह फैक्ट्री अप्रैल की शुरुआत से सक्रिय थी और बड़े स्तर पर अवैध उत्पादन कर रही थी।
जिला खाद्य एवं औषधि प्रशासन अधिकारी जितेंद्र नेने के अनुसार, ‘मुसाफिर’ ब्रांड के पैकेट पर कुम्हारी स्थित ‘रजत सेल्स’ का लाइसेंस नंबर अंकित मिला है। अब जांच का मुख्य फोकस यह है कि यह ‘रजत सेल्स’ की वैध इकाई है या उसके नाम का दुरुपयोग कर नकली गुटखा बनाया जा रहा था।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में जुड़े सभी लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, आम लोगों से अपील की गई है कि वे गुटखा जैसे उत्पादों का सेवन करने से पहले सतर्क रहें और संदिग्ध उत्पादों की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें।

Post a Comment