जल जीवन मिशन कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, अनियमितता पर होगी एफआईआर: कलेक्टर
हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने दिए सख्त निर्देश, गुणवत्ता और पारदर्शिता पर दिया विशेष जोर
मुंगेली, 10 जून 2026// कलेक्टर कुन्दन कुमार ने जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में जिला जल एवं स्वच्छता समिति की समीक्षा बैठक लेकर मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की और अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल जीवन मिशन के कार्यों में किसी भी प्रकार की अनियमितता पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी देते हुए स्पष्ट कहा कि दोषी पाए जाने पर एफआईआर तक दर्ज की जाएगी। बैठक में कलेक्टर ने हर घर जल प्रमाणीकरण की प्रगति की जानकारी लेते हुए सभी पात्र परिवारों तक पेयजल पहुंच सुनिश्चित करने और प्रमाणीकरण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना के अंतर्गत शत-प्रतिशत जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा जल प्रदाय पूर्णता के प्रमाण-पत्र संबंधित ग्रामों से प्राप्त किए जाएं। भविष्य में किसी भी प्रकार की विसंगति पाए जाने पर संबंधित इंजीनियरों की जवाबदेही तय कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत पाइपलाइन बिछाने के कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन नहीं करने पर तीनों अनुविभागों के एसडीओ एवं इंजीनियरों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने एम वी एस में बिना सहमति पाइपलाइन बिछाने एवं भुगतान संबंधी शिकायतों की जांच के लिए समिति गठित कर निष्पक्ष जांच कराने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन शासन की अत्यंत महत्वाकांक्षी योजना है, इसलिए इसके क्रियान्वयन में पूर्ण पारदर्शिता, गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने डी.डब्ल्यू.एस.एम. की गाइडलाइन की अद्यतन जानकारी नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए सब इंजीनियर एवं एसडीओ को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
बैठक में नल-जल मित्रों के प्रशिक्षण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें प्रभावी रूप से कार्य में शामिल करने को कहा। साथ ही माह के अंत तक सभी रिट्रोफिटिंग कार्यों को शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को सप्ताह में नियमित रूप से जल जीवन मिशन की समीक्षा कर प्रगति सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर ने जर्जर एवं अनुपयोगी जल टंकियों को चिन्हांकित कर उन्हें हटाने की कार्यवाही करने के निर्देश देते हुए कहा कि ऐसी संरचनाएं दुर्घटना का कारण बन सकती हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आमजन की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है । बैठक में जल जीवन मिशन के कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाने, गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा हर घर तक सुरक्षित पेयजल पहुंचाने के लिए आवश्यक रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
सरपंच, सचिव और ठेकेदारों के साथ समीक्षा बैठक, जल जीवन मिशन के कार्यों को गुणवत्ता एवं पारदर्शिता से पूर्ण करने दिए निर्देश
कलेक्टर ने जिला पंचायत के सभाकक्ष में जल जीवन मिशन की समीक्षा एवं समन्वय बैठक ली। बैठक में सरपंचों, सचिवों, ठेकेदारों और संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ योजनाओं की प्रगति, गुणवत्ता और समयबद्ध क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन योजनाओं को पूर्ण बताया गया है, वहां प्रत्येक घर तक नियमित जल आपूर्ति सुनिश्चित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हर घर जल प्रमाणीकरण केवल कागजों में नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर दिखाई देना चाहिए। जल प्रदाय की वास्तविक स्थिति का प्रमाण-पत्र प्राप्त करने के निर्देश देते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में किसी भी प्रकार की विसंगति पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं इंजीनियरों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने फील्ड स्तर पर सरपंच, सचिव, ठेकेदार और विभागीय अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्यों को गति देने के निर्देश दिए। सभी संबंधित विभाग, जनप्रतिनिधि और कार्य एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि जिले के प्रत्येक घर तक शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने का लक्ष्य समय पर पूरा किया जा सके।
Post a Comment