⚡ ब्रेकिंग News

बच्चों के संरक्षण को मिलेगी नई मजबूती जिले में ₹151.52 लाख की लागत से बनेगा बाल संप्रेषण गृह, किशोर न्याय बोर्ड एवं बाल कल्याण समिति भवन


 बच्चों के संरक्षण को मिलेगी नई मजबूती

जिले में ₹151.52 लाख की लागत से बनेगा बाल संप्रेषण गृह, किशोर न्याय बोर्ड एवं बाल कल्याण समिति भवन

विधायक दीपेश साहू ने किया भूमिपूजन, कहा— बच्चों के सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता

बेमेतरा, 15 जून 2026:- जिले में बच्चों के संरक्षण, पुनर्वास एवं उनके अधिकारों की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मोहभट्ठा-कोबिया मार्ग स्थित बेमेतरा में शासकीय बाल संप्रेषण गृह, किशोर न्याय बोर्ड एवं बाल कल्याण समिति के नवीन भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन संपन्न हुआ। यह भवन ₹151.52 लाख की लागत से निर्मित किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बेमेतरा विधायक श्री दीपेश साहू तथा अध्यक्षता कर रहे नगर पालिका परिषद बेमेतरा के अध्यक्ष श्री विजय सिन्हा ने विधिवत पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने भवन निर्माण कार्य को गुणवत्ता एवं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने की कामना की।


बच्चों को मिलेगा सुरक्षित एवं संवेदनशील वातावरण

निर्माणाधीन भवन के पूर्ण होने के बाद जिले में बाल संरक्षण से जुड़ी संस्थाओं को एक समुचित एवं आधुनिक आधारभूत संरचना उपलब्ध होगी। इससे जरूरतमंद एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों को सुरक्षित, सुविधाजनक और संवेदनशील वातावरण मिल सकेगा तथा बाल संरक्षण से संबंधित गतिविधियों के संचालन में भी प्रभावशीलता आएगी।


केवल भवन नहीं, बच्चों के बेहतर भविष्य का आधार : विधायक दीपेश साहू

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री दीपेश साहू ने कहा कि बच्चों का संरक्षण, उनके अधिकारों की रक्षा और उनका उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित करना समाज एवं शासन की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा बाल कल्याण एवं संरक्षण के क्षेत्र में लगातार सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह भवन केवल एक निर्माण कार्य नहीं है, बल्कि ऐसे बच्चों के लिए सुरक्षा, मार्गदर्शन और बेहतर अवसरों का केंद्र बनेगा जिन्हें विशेष संरक्षण एवं सहयोग की आवश्यकता होती है। इससे बाल संरक्षण संस्थाओं को मजबूती मिलेगी और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। विधायक श्री साहू ने कहा कि बेमेतरा विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास तथा जनकल्याण से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।


विकास कार्यों को मिल रही निरंतर गति : विजय सिन्हा

नगर पालिका परिषद बेमेतरा के अध्यक्ष श्री विजय सिन्हा ने कहा कि शहर में आधारभूत एवं सामाजिक विकास कार्यों को लगातार गति दी जा रही है। बाल संरक्षण से जुड़े इस महत्वपूर्ण भवन के निर्माण से जिले को एक नई एवं उपयोगी सुविधा प्राप्त होगी। सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को भी नगर पालिका द्वारा प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।


जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे उपस्थित

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में युगल देवांगन (शहर मंडल अध्यक्ष),  अशोक शर्मा (उपाध्यक्ष नगर पालिका परिषद), श्रीमती खिलेश्वरी पाटिल (पार्षद वार्ड क्रमांक-6), पंचू साहू, विकास तम्बोली, गौरव साहू, नीतू कोठारी, चांदनी रोशन दत्ता, संदीप यादव, दोहाई लाल वर्मा, कमलेश वर्मा, रोहित साहू एवं सोनू साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग के एसडीओ  सागर साहू, सब इंजीनियर  राजेश बाजपेयी,  योगेश शुक्ला, महिला एवं बाल विकास विभाग की परियोजना अधिकारी श्रीमती मनोरमा साहू, जिला बाल संरक्षण अधिकारी  व्योम श्रीवास्तव, परियोजना समन्वयक  राजेंद्र चंद्रवंशी सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume