टेमरी बस स्टैंड चौक घुड़सेना रोड बना परेशानी का कारण, हल्की बारिश में ही सड़क पर जलभराव
नवागढ़/बेमेतरा- ग्राम टेमरी के बस स्टैंड चौक से घुड़सेना रोड मार्ग की हालत इन दिनों बेहद खराब हो चुकी है। हल्की बारिश होते ही सड़क पर पानी भर जाने से राहगीरों, बाइक चालकों और ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर बने गड्ढों में पानी भरने से दुर्घटना की आशंका भी लगातार बनी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि अभी तो केवल थोड़ी बारिश हुई है, लेकिन यदि लगातार बरसात शुरू हो गई तो स्थिति और भी भयावह हो सकती है। कीचड़ और जलभराव के कारण लोगों का पैदल चलना तक मुश्किल हो जाएगा। यह मार्ग रोजाना सैकड़ों लोगों के आवागमन का प्रमुख रास्ता है, बावजूद इसके सड़क की मरम्मत की ओर अब तक ध्यान नहीं दिया गया है।
स्थानीय लोगों ने लोक निर्माण विभाग (PWD) से मांग की है कि बारिश के मौसम को देखते हुए तत्काल सड़क मरम्मत और जल निकासी की व्यवस्था कराई जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके और भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधार कार्य शुरू नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में आंदोलन भी किया जा सकता है।

Post a Comment