सुशासन तिहार के दौरान आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई
अवैध शराब के विरुद्ध 49 रेड, 32 प्रकरण दर्ज, आरोपियों पर आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई
बेमेतरा, 29 मई 2026:- सुशासन तिहार 2026 के दौरान प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण एवं अवैध मदिरा के धारण, संग्रहण तथा विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आबकारी विभाग द्वारा जिले में लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। 01 मई से 28 मई 2026 तक आबकारी वृत्त बेमेतरा द्वारा अवैध शराब के विरुद्ध व्यापक कार्रवाई करते हुए 49 स्थानों पर रेड कार्यवाही की गई तथा आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत कुल 32 प्रकरण दर्ज किए गए।
कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं के निर्देशन तथा जिला आबकारी अधिकारी डॉ. पलक नंद एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री आनंद के मार्गदर्शन में संचालित अभियान के तहत नवागांव, बेरा, उमरिया, सेमरिया, कठौतिया, खैरझिटी, मोहरेंगा, मऊ, अतरिया, मोहलई, बीजाभाट, सिंघौरी, ढोलिया, चोरभट्टी, बहेरा, दाढ़ी एवं शहर क्षेत्र के विभिन्न ढाबों में कार्रवाई की गई।
आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज
अभियान के दौरान आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(ख), धारा 36(सी) एवं धारा 36(1)(च) के तहत कुल 32 जमानती प्रकरण कायम किए गए। कार्रवाई के दौरान बरामद मदिरा की जांच उपरांत उसे विधिवत सीलबंद कर आबकारी विभाग द्वारा जब्त किया गया तथा संबंधित आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर मुचलके पर रिहा किया गया।
ढाबों एवं होटलों में संयुक्त जांच अभियान
28 मई 2026 को शहर क्षेत्र के विभिन्न ढाबों में आबकारी विभाग एवं पुलिस विभाग के संयुक्त दल द्वारा विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान 06 प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त नवागांव, झाल, मोहरेंगा, कठौतिया, अतरिया, बीजाभाट, चोरभट्टी, बहेरा तथा शहर स्थित होटल, ढाबों एवं अन्य स्थानों सहित कुल 17 रिहायशी मकानों, ढाबों, होटलों एवं ठेलों की जांच की गई। जांच के दौरान इन स्थलों पर कोई मादक पदार्थ अथवा अवैध मदिरा बरामद नहीं हुई।
शिकायत मिलने पर तत्काल की जा रही कार्रवाई
आबकारी विभाग ने बताया कि सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त शिकायतों एवं मुखबिर से मिली सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। शिकायत स्थलों पर आबकारी अमले द्वारा गवाहों की उपस्थिति में जांच कर बरामद सामग्री को जब्त किया जाता है तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार प्रकरण दर्ज किए जाते हैं।
अवैध शराब की सूचना देने की अपील
आबकारी विभाग ने आमजन से अवैध मदिरा के धारण, संग्रहण एवं विक्रय की सूचना तत्काल विभाग को देने की अपील की है। अवैध शराब संबंधी शिकायत आबकारी उप निरीक्षक, वृत्त बेमेतरा के दूरभाष क्रमांक 7803036415 पर दर्ज कराई जा सकती है। विभाग द्वारा प्राप्त शिकायतों पर त्वरित एवं गोपनीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
Post a Comment