बालोद रोड में चलती बस में लगी आग, यात्री कूदकर बचाए जान
बालोद- शादियों के सीजन के बीच एक बड़ी घटना सामने आई है। जिले के बालोद रोड पर उस समय हड़कंप मच गया, जब बारातियों से भरी एक बस में अचानक आग लग गई। घटना से बस में सवार लोगों में अफरा-तफरी मच गई और यात्री अपनी जान बचाने के लिए बस से कूदने लगे।
जानकारी के मुताबिक, शर्मा ट्रेवल्स (CG 07 E 1171) की बस कांकेर जिले के अरौद गांव से बारातियों को लेकर बालोद जिले के बड़गांव जा रही थी। जैसे ही बस पुरुर थाना क्षेत्र के जगतरा मंदिर के पास पहुंची, अचानक बस में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।
गनीमत रही कि बस में सवार सभी लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Post a Comment