पाटन में सीएम साय शामिल हुए सामूहिक आदर्श विवाह समारोह में, नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद
पाटन (दुर्ग)- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज दुर्ग जिले के पाटन में आयोजित तहसील स्तरीय भव्य कर्मा महोत्सव एवं सामूहिक आदर्श विवाह समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखमय, समृद्ध और खुशहाल दांपत्य जीवन की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के साहू समाज का इतिहास अत्यंत गौरवशाली रहा है। इस समाज ने सदैव संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता को मजबूत किया है। उन्होंने माता कर्मा और राजिम माता जैसी महान विभूतियों का स्मरण करते हुए कहा कि उनका जीवन समाज के लिए प्रेरणादायक है।
सीएम साय ने कहा कि माता कर्मा का जीवन हमें सच्ची भक्ति और सेवा का मार्ग दिखाता है। सच्ची श्रद्धा में अपार शक्ति होती है, जो व्यक्ति को सही दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। उन्होंने माता कर्मा से प्रदेश में सुख, समृद्धि और आपसी सौहार्द के निरंतर विस्तार की प्रार्थना भी की।
इस मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, समाज के प्रमुख लोग और आम नागरिक उपस्थित रहे। समारोह में पारंपरिक उत्साह और सांस्कृतिक झलक देखने को मिली, जिससे कार्यक्रम का माहौल और भी भव्य बन गया।

Post a Comment