⚡ ब्रेकिंग News

जिले में पेट्रोल, डीज़ल एवं एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता, अफवाहों से बचने की अपील


 जिले में पेट्रोल, डीज़ल एवं एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता, अफवाहों से बचने की अपील

कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश – सभी पेट्रोल पंप एवं गैस एजेंसियों में निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करें

बेमेतरा, 15 अप्रैल 2026:-

जिला बेमेतरा में पेट्रोल, डीज़ल एवं रसोई गैस (एलपीजी) की उपलब्धता को लेकर जिला प्रशासन ने स्थिति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रित बताई है। प्रशासन के अनुसार जिले में ईंधन एवं गैस की आपूर्ति निरंतर, सुचारू और पर्याप्त मात्रा में की जा रही है, जिससे किसी भी प्रकार की कमी या संकट की स्थिति नहीं है।

जिले में संचालित सभी 75 पेट्रोल एवं डीज़ल पंपों पर नियमित रूप से ईंधन की सप्लाई सुनिश्चित की जा रही है। पेट्रोलियम कंपनियों के समन्वय से प्रतिदिन आवश्यकतानुसार आपूर्ति की जा रही है, जिससे आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ रहा है। इसी प्रकार जिले में कार्यरत 16 एलपीजी गैस वितरकों के माध्यम से घरेलू उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की आपूर्ति लगातार जारी है।

प्रशासन द्वारा पूर्व में ही शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लिए गैस बुकिंग के गैप दिवस (Gap Days) निर्धारित कर दिए गए हैं, जिससे उपभोक्ताओं को व्यवस्थित एवं समयबद्ध तरीके से गैस उपलब्ध हो सके। इस व्यवस्था के चलते वितरण प्रणाली में पारदर्शिता और संतुलन बना हुआ है।

हाल के दिनों में पश्चिम एशिया में उत्पन्न भू-राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर कुछ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एवं अन्य माध्यमों पर भ्रामक एवं अपुष्ट खबरें प्रसारित की जा रही हैं। इन खबरों का जिले की स्थानीय आपूर्ति व्यवस्था से कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं है। इसके बावजूद अफवाहों के प्रभाव में आकर कुछ स्थानों पर लोग अनावश्यक रूप से पेट्रोल पंपों एवं गैस एजेंसियों पर भीड़ एकत्रित कर रहे हैं, जिससे अस्थायी दबाव की स्थिति बन रही है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में पेट्रोल, डीज़ल एवं एलपीजी की किसी भी प्रकार की कमी नहीं है और सभी आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता पूरी तरह सुनिश्चित है। कलेक्टर ने सभी पेट्रोल पंप संचालकों एवं गैस एजेंसी संचालकों को निर्देशित किया है कि वे आपूर्ति व्यवस्था को निर्बाध बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की कालाबाजारी, जमाखोरी या अनियमितता पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, संयम एवं धैर्य बनाए रखें तथा केवल आवश्यकता के अनुसार ही ईंधन एवं गैस का उपयोग करें। अनावश्यक भंडारण या भीड़भाड़ से बचें, जिससे सभी उपभोक्ताओं को समान रूप से सुविधाएं मिल सकें।

प्रशासन द्वारा आवश्यक सेवाओं की 24×7 सतत निगरानी की जा रही है। संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखते हुए आपूर्ति श्रृंखला (Supply Chain) को मजबूत बनाए रखा गया है, ताकि किसी भी संभावित स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। जिला प्रशासन ने यह भी आश्वस्त किया है कि आमजन की सुविधा एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, और आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume