भिलाई में रील के चक्कर में सड़क पर स्टंट, पुलिस ने दिखाई सख्ती
चलानी कार्रवाई के साथ बुलेट और बाइक जब्त, दो युवक गिरफ्तार
दुर्ग-भिलाई में सोशल मीडिया पर रील वायरल करने की चाहत दो युवकों को भारी पड़ गई। सड़क पर खतरनाक स्टंट कर वीडियो बनाना उन्हें महंगा पड़ गया। छावनी थाना पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी बाइक और बुलेट जब्त कर ली है।
जानकारी के मुताबिक मामला रायपुर-दुर्ग मुख्य मार्ग स्थित पावर हाउस बस स्टैंड के पास का है। 9 मई को छावनी पुलिस को व्हाट्सएप के जरिए एक वायरल वीडियो मिला, जिसमें दो युवक तेज रफ्तार में लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते और चलते वाहन पर इंस्टाग्राम रील बनाते नजर आ रहे थे। स्टंट के दौरान सड़क पर गुजर रहे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई थी।
वीडियो की जांच के बाद पुलिस ने वाहन नंबर और अन्य जानकारी के आधार पर दोनों युवकों की पहचान की। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम आकाश पाण्डेय और रितेश साहू बताए। दोनों भिलाई के कैम्प-01 स्थित प्रगति नगर, नेहरू चौक के निवासी हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों युवक सोशल मीडिया पर रील वायरल करने के उद्देश्य से मुख्य सड़क पर खतरनाक स्टंट कर रहे थे। जिस तरह से वे वाहन चला रहे थे, उससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत कार्रवाई की।
छावनी पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने के लिए अपनी और दूसरों की जान जोखिम में न डालें। यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित ड्राइविंग को प्राथमिकता दें।
Post a Comment