⚡ ब्रेकिंग News

लू से बचाव को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, जारी की गई एडवाइजरी


 लू से बचाव को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, जारी की गई एडवाइजरी

मुंगेली, 13 अप्रैल 2026// जिले में लगातार बढ़ते तापमान और हीट वेव (लू) की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में आ गया है। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार आमजनों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लू से बचाव के लिए विस्तृत एडवाइजरी जारी की गई है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने बताया कि अत्यधिक गर्मी के कारण लू लगने का खतरा बढ़ जाता है, जो गंभीर एवं जानलेवा भी हो सकता है। इसे ध्यान में रखते हुए जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में हीट स्ट्रोक प्रबंधन कक्ष स्थापित किए गए हैं, जहां ओआरएस, आईवी फ्लूड, जीवन रक्षक दवाइयों एवं शीतलन की पर्याप्त व्यवस्था की गई है।

     जिले के सभी शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में ओआरएस कॉर्नर स्थापित किए गए हैं तथा मितानिनों की दवा पेटी को रिफिल करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया जा सके। इसके अलावा जिला अस्पताल सहित विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में ‘मनियारी नीर प्याऊ घर’ के माध्यम से शुद्ध एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार लू लगने पर सिर दर्द, चक्कर, तेज बुखार, उल्टी, शरीर में कमजोरी, अधिक प्यास लगना और पसीना न आना जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। गंभीर स्थिति में शरीर का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक होने पर हीट स्ट्रोक की स्थिति बन सकती है, जो चिकित्सकीय आपातकाल है।

       स्वास्थ्य विभाग के अनुसार दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। धूप में निकलते समय सिर और कान को ढककर रखें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और हल्के, सूती कपड़े पहनें। अधिक पसीना आने पर ओआरएस का सेवन करें तथा चक्कर या कमजोरी महसूस होने पर तुरंत छायादार स्थान पर विश्राम करें। किसी भी प्रकार के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क कर चिकित्सकीय सलाह लेने की सलाह दी गई है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि सावधानी बरतकर स्वयं एवं अपने परिवार को सुरक्षित रखें।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume