⚡ ब्रेकिंग News

जिला पंचायत सीईओ ने विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की


 जिला पंचायत सीईओ ने विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की

मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, एनआरएलएम एवं आरईएस कार्यों की विभागवार समीक्षा, लक्ष्य पूर्ति के दिए निर्देश


बेमेतरा, 17 जून 2026:- जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेमलता पदमाकर (सीईओ) द्वारा आज जिला पंचायत सभाकक्ष में विभिन्न ग्रामीण विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा), स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) तथा ग्रामीण अभियांत्रिकी सेवा (आरईएस) अंतर्गत संचालित कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई।


बैठक में सीईओ ने मनरेगा अंतर्गत स्वीकृत एवं प्रगतिरत कार्यों, मानव दिवस सृजन, अमृत सरोवर, जल संरक्षण एवं संवर्धन कार्यों, व्यक्तिगत लाभकारी योजनाओं तथा श्रमिकों को समय पर मजदूरी भुगतान की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध कराने एवं परिसंपत्तियों के निर्माण से जुड़े कार्यों में तेजी लाई जाए तथा निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित की जाए।


स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की समीक्षा के दौरान ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, ओडीएफ प्लस गतिविधियों, सामुदायिक स्वच्छता परिसरों तथा स्वच्छता संबंधी जनजागरूकता कार्यक्रमों की प्रगति पर चर्चा की गई। सीईओ ने ग्राम पंचायतों में स्वच्छता गतिविधियों को जनभागीदारी के माध्यम से प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।


प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत स्वीकृत आवासों की निर्माण प्रगति, अपूर्ण आवासों, किश्त भुगतान तथा हितग्राहियों को समय पर लाभ प्रदान करने की स्थिति की समीक्षा की गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लंबित आवासों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने तथा नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।


राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत स्व-सहायता समूहों के गठन, बैंक लिंकेज, आजीविका गतिविधियों, महिला सशक्तिकरण एवं आर्थिक स्वावलंबन से जुड़े कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। सीईओ ने महिला समूहों को स्वरोजगार एवं आयवर्धन गतिविधियों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया।


ग्रामीण अभियांत्रिकी सेवा (आरईएस) अंतर्गत निर्माणाधीन भवनों, सड़क, पुल-पुलिया एवं अन्य अधोसंरचनात्मक कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता एवं समयसीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूर्ण किए जाएं तथा कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।


बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, समयबद्ध लक्ष्य पूर्ति तथा शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए गए। साथ ही योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास एवं हितग्राहियों को अधिकतम लाभ पहुंचाने पर बल दिया गया। बैठक में जिला पंचायत के संबंधित अधिकारी, कार्यक्रम अधिकारी, जनपद पंचायतों के प्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume