जनता के जुड़ाव की जीत: काजल अग्रवाल ने विजय को दी बधाई
चेन्नई- तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के रुझानों में अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कझगम शानदार प्रदर्शन करती नजर आ रही है। चुनाव आयोग के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, पार्टी 234 सीटों में से 105 सीटों पर आगे चल रही है और 3 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है।
जैसे ही यह स्पष्ट होने लगा कि विजय तमिलनाडु के अगले मुख्यमंत्री बन सकते हैं, फिल्म इंडस्ट्री से उन्हें बधाइयों का तांता लग गया।
अभिनेत्री काजल अग्रवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए विजय को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा कि यह जीत सिर्फ चुनावी सफलता नहीं, बल्कि जनता के साथ गहरे जुड़ाव का उत्सव है। काजल ने विजय के प्रसिद्ध डायलॉग “नान ओरु थडवा सोन्ना…” का जिक्र करते हुए कहा कि आज जनता ने उस विश्वास को सच कर दिखाया है।
उन्होंने अपने संदेश में विजय की दूरदृष्टि, दृढ़ संकल्प और जनता के प्रेम की सराहना करते हुए उनके नेतृत्व में सकारात्मक बदलाव की उम्मीद जताई।
वहीं, अभिनेत्री वरलक्ष्मी सरथकुमार ने भी उत्साह भरे अंदाज में विजय को बधाई देते हुए इसे “जनता की जीत” बताया और राज्य में बदलाव व समृद्धि की कामना की।
इसके अलावा, संगीत निर्देशक संतोष नारायणन ने भी इस मौके को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह तमिलनाडु की राजनीति में एक नए दौर की शुरुआत हो सकती है।
तमिलनाडु की राजनीति में यह परिणाम एक बड़े बदलाव का संकेत माना जा रहा है, जहां पारंपरिक दलों के बीच पहली बार किसी नए राजनीतिक विकल्प को इतना व्यापक समर्थन मिलता दिख रहा है।
Post a Comment