वेदांता हादसे पर सियासत तेज: विजय शर्मा का भूपेश बघेल पर पलटवार, बोले– FIR ऑनलाइन है, लिंक देखकर जांच लें
रायपुर- वेदांता पावर प्लांट हादसे को लेकर छत्तीसगढ़ की राजनीति गरमा गई है। राज्य के गृहमंत्री विजय शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि मामले में एफआईआर दर्ज हो चुकी है और यह ऑनलाइन उपलब्ध है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “उन्हें लिंक दे दीजिए, वे खुद देख लें।”
दरअसल, वेदांता पावर प्लांट में हुए बड़े हादसे के बाद कंपनी के चेयरमैन अनिल अग्रवाल समेत 19 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इस घटना को गंभीर बताते हुए गृहमंत्री ने कहा कि जांच जारी है और दोषियों पर कार्रवाई होगी।
वहीं, भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सरकार पर एफआईआर को सार्वजनिक नहीं करने का आरोप लगाया था। उन्होंने वेदांता कंपनी के पुराने हादसों का जिक्र करते हुए भाजपा सरकार पर लीपापोती करने और कंपनी प्रबंधन व ठेकेदारों को बचाने का आरोप भी लगाया।
नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर भी बोले गृहमंत्री
नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर विजय शर्मा ने कहा कि देश की आधी आबादी को 33% आरक्षण देने की दिशा में यह बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि जो इसका विरोध कर रहे हैं, उन्हें देश की महिलाओं को जवाब देना चाहिए। “जब महिलाएं साथ चलेंगी, तब भारत आगे बढ़ेगा,” उन्होंने कहा।
बस्तर को लेकर कही बड़ी बात
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में हालात को लेकर गृहमंत्री ने कहा कि बस्तर अब तेजी से बदल रहा है। उन्होंने कहा कि “अब वहां उत्सव का माहौल है, लोग खुलकर जी रहे हैं।” सरकार ‘वाइब्रेंट बस्तर विलेज’ योजना के जरिए विकास को गांव-गांव तक पहुंचाने की तैयारी में है। उनके अनुसार, बस्तर अब नक्सलवाद से मुक्त हो चुका है और विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है।

Post a Comment